Bihar Crime News: नालंदा के थरथरी थाना क्षेत्र में कई टुकड़ों में कटा मिला एक महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस
सार
- रविवार की दोपहर अज्ञात महिला का शव पुरंदरपुर गांव में मिला।
- शव को कई टुकड़ों में पुलिस द्वारा बरामद किया गया।
- घटना की जानकारी मिलते ही थरथरी थाना चंडी थाना डीएसपी घटनास्थल पर पहुंचे।
- पूरे मामले की छानबीन करने में जुटी पुलिस।
विस्तार
बिहार: नालंदा के पुरंदरपुर गांव में रविवार की दोपहर पुलिस को एक महिला के शव का पैर बरामद हुआ। जिसके बाद जब पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो शव के कई टुकड़े बरामद हुए। जांच में मृतक महिला की पहचान परंदरपुर गांव की रहने वाली संगीता कुमारी के रूप में की गई है। बीते कई दिनों से महिला लापता थी। पुलिस परिजनो द्वारा की शिकायत पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
कुल्हाड़ी से काटकर की गई महिला की हत्या
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार महिला की हत्या कुल्हाड़ी से काटकर की गई है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। इस घटना के बारे में मृतक महिला के परिवार वालों ने बताया कि संपत्ति विवाद को लेकर अक्सर पति नीतीश कुमार और पत्नी संगीता देवी के बीच मारपीट होती रहती थी। संपत्ति विवाद को लेकर 5 दिन पहले भी दोनों के बीच मारपीट और कहासुनी हुई थी, जिसके बाद से महिला गायब बताई जा रही थी।

पति ने की अपनी पत्नी संगीता की हत्या
कल रविवार की दोपहर एक अज्ञात महिला का शव पुरंदरपुर गांव में कई टुकड़ों में पुलिस द्वारा बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही थरथरी थाना, चंडी थाना डीएसपी हिलसा घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन कर रहे हैं। जिसके बाद, छानबीन में सामने आया कि महिला की हत्या उसके पति नीतीश कुमार ने की है, जो एक नंबर का अय्याश किस्म का व्यक्ति था और उसे जुए और गांजा पीने की भी लत थी।
आरोपी नीतीश कुमार ने अपनी पत्नी की हत्या अपने घर मे ही कुल्हाड़ी से काटकर की था। इस बात का चश्मदीद गवाह खुद उसका पुत्र प्रिंस कुमार है। अपनी मां की हुई हत्या के बाद मृतक का पुत्र प्रिंस कुमार काफी सहमा हुआ है। फिर भी, उसने पुलिस के सामने यह बयान दिया है कि उसकी मां की हत्या उसके घर में ही हुई है।
ससुराली धन को लेकर होती थी मारपीट
- साल 2006 में नीतीश कुमार और संगीता देवी की शादी हुई थ।
- संगीता नूरसराय थाना क्षेत्र के झामा बारा गांव की रहने वाली थी।
- वहीं, नीतीश कुमार थरथरी थाना क्षेत्र के पुरंदरपुर गांव का निवासी था।
- संगीता देवी का कोई भाई नहीं है।
- इसलिए शादी के समय तय हुआ था कि शादी के बाद संगीता देवी की सारी संपत्ति नीतीश कुमार के नाम हो जाएगी।
- इनके 2 बेटे हैं जिसमें, एक बेटा प्रिंस कुमार 12 साल जबकिं दूसरा बेटा प्रियांशु कुमार 10 साल का है।
- हत्या करने के बाद संगीता देवी का पति नीतीश कुमार घर से फरार है।
- वह बिहार शरीफ में मजदूरी का काम किया करता है।
- आरोपी के पिता ने बताया कि ससुराली धन को लेकर अक्सर उनका बेटा बहु से मारपीट किया करता था।
- जिस कारण, वह अपने बेटे से अलग रहते है।
घटना के बारे में क्या कहा डीएसपी ने
- डीएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने जानकारी देते हुए कहा कि अभी मृतक के शरीर के कई टुकड़े बरामद किए गए हैं।
- पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
- डीएनए के बाद ही पता चलेगा कि यह किसके शव का टुकड़ा है।
- अभी इस मामले में डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम की मदद ली जा रही है।
- डीएनए टेस्ट के बाद ही आगे की कार्यवाही को जाएगी।