दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत घने कोहरे की चपेट में, सुनसान हुई सड़के; गाड़ियों की रफ्तार पर लगा ब्रेक।
सार
पूरे देश में ठंड का कहर बरसना शुरू हो गया है। दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत और उत्तर पश्चिम के कई जगहों पर घने कोहरे छाए हुए हैं। मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में इससे भी अधिक कड़ाके ठंड पड़ेगी।
https://siwanexpress.com/corona-wreaks-havoc-china-negligence-zero-covid-policy/
विवरण
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली व NCR समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड का कहर शुरू हो चुका है। दिल्ली में शीतलहर चल रही है साथ ही,घना कोहरा भी देखने को मिल रहा है। घने कोहरे के कारण सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी तापमान में अधिक बदलाव देखने को नही मिलेगा। नए साल तक तापमान इसी प्रकार से ऊपर-नीचे होता रहेगा। अभी दो दिन तक शीतलहर और सर्दी इसी तरह परेशान करती रहेगी।

देश के कई हिस्सों में कोहरा
उत्तर भारत और उत्तर पश्चिम के कई जगहों पर घना कोहरा छाया रहा। इसके अलावा, कई कस्बों और शहरों में तापमान में गिरावट देखने को मिला, इसके साथ ही इलाकों में भीषण शीत लहर चल रही है। मौसम विभाग ने कहा कि, आने वाले कुछ दिनों में दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा व पहाड़ी इलाके जैसे उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
कश्मीर में शून्य के नीचे तापमान
दिल्ली के पालम और सफदरजंग के इलाके में सुबह 5.30 बजे के करीब 50 मीटर की ही दृश्यता रही। जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वाहनों की रफ्तार में भी कमी देखने को मिला।
वहीं, कश्मीर के अधिकतर इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। कई जगहों में पानी की सप्लाई की लाइनें और डल झील के अंदरूनी भाग भी जम चुके हैं। स्काईमेट वेदर (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) के वाइस प्रेसिडेंट महेश पलावत द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण 25 और 26 दिसंबर को पहाड़ी इलाकों में ताजी बर्फबारी हुई थी और नॉर्थवेस्ट से ठंडी हवाएं मैदानों से होते हुए देश की राजधानी दिल्ली तक पहुंच रही हैं।
तेज हवाओं और घने कोहरे के बीच दिल्ली
दिल्ली में कल (सोमवार) को हवाएं अधिकतम 15 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चल रही थी। इसके अलावा, दिल्ली के नजदीकी इलाके जैसे हरियाणा, पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ इलाको में सोमवार को बहुत ही घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार इन राज्यों के कई इलाकों में आने वाले कुछ दिनों तक घना कोहरा छाया रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, दृश्यता यदि शून्य से 50 मीटर के बीच हो तो ‘बेहद घना कोहरा’, 51 मीटर से 200 मीटर के बीच हो तो ‘घना कोहरा’, 201 मीटर से 500 मीटर के बीच हो तो ‘मध्यम कोहरा’ और 501 से 1,000 मीटर के बीच हो तो ‘हल्का कोहरा’ माना जाता है।
देश की राजधानी में आज का तापमान
दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह के समय ठंड और शीतलहर के अत्याचार के बीच कोहरे का भी कोहराम देखा गया जिसमे, दृश्यता घटकर 100 मीटर की दर्ज की गई है। नॉर्थ भारत के कई अलग -अलग राज्यों में घने कोहरे के कारण दिल्ली आने- जाने वाली कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। यद्यपि, आज तो अभी तक दिल्ली एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही सामान्य है।

आने वाले दिनों में ठंड का कहर
मौसम विभाग द्वारा लगाए गए पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में आने वाले तीन दिनों में घना कोहरा देखने को मिलेगा। इसके अलावा, तापमान में भी कुछ बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। 28 दिसंबर से 31 दिसंबर तक दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार है। वहीं, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर के कारण पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने के साथ नए साल पर सर्दी का कहर और अधिक बढ़ने की संभावना है।