पढ़ें 26 अक्टूबर 2022 से जुड़े तमाम महत्वपूर्ण और मुख्य खबरें सिर्फ Siwan Express News पर, पढ़ें देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरें, मनोरंजन, खेल जगत, बाजार, आदि से जुड़ी खबरें एक साथ सिर्फ यहाँ।
https://siwanexpress.com/up-neet-ug-counselling-ke-liye-registration/
ऋषि सुनक को बनाया गया ब्रिटेन का प्रधानमंत्री
ब्रिटेन के इतिहास में पहली बार किसी भारतवंशी को देश का पीएम बनाया गया है। 42 साल के भारतवंशी ऋषि सुनक ने मंगलवार (25 अक्टूबर) को ब्रिटेन के 57वें प्रधानमंत्री के रूप में सत्ता संभाला है। वह ब्रिटेन के प्रथम हिंदू प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि पहले एशियाई और पहले भारतवंशी पीएम भी हैं। देश के पूर्व वित्त मंत्री रह चुके ऋषि सुनक ब्रिटेन के 210 साल के इतिहास में सबसे युवा प्रधानमंत्री हैं।

ऋषि सुनक ने ऑफिशियल रेजिडेंस 10 डाउनिंग स्ट्रीट से बतौर प्रधानमंत्री देश के नाम अपना पहला भाषण दिया। उन्होंने कहा- देश इस वक्त मुश्किल में है। पूर्व PM लिज़ ट्रस से कुछ गलतियां हुई हैं। अब हम इन्हें सुधारेंगे। ऋषि सुनक ने बोरिस जॉनसन सरकार में मंत्री रहे डॉमिनिक रॉब को उप प्रधानमंत्री और कानून मंत्री के रूप में चुना है। वहीं, ट्रस सरकार में फाइनेंस मिनिस्टर रहे जेरेमी हंट को उसी पद पर बरकरार रखा गया है। भारतीय मूल की सुएला ब्रेवरमैन की भी कैबिनेट में वापसी मिल गई है। उन्हें फिर से गृह मंत्री का पद दिया गया है।
गूगल पर लगा हफ्तेभर में दूसरी बार जुर्माना
भारत के प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) ने हफ्तेभर में दूसरी बार सर्च इंजन कंपनी गूगल पर जुर्माना लगाया है। इस बार कंपनी पर कुल 936.44 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। आयोग का कहना है कि गूगल प्ले स्टोर बाजार में अपने डॉमिनेशन का गलत फायदा उठा रहा है। यह जुर्माना डॉमिनेशन की इसी स्थिति के गलत तरीके से उपयोग करने के लिए लगा है।

गूगल को गलत कारोबारी गतिविधियों को रोकने का निर्देश दिया गया है। इसी के साथ तय की गई समय सीमा में अपने काम में सुधार के लिए उपाय करने को भी कहा गया है। पिछले गुरुवार को गूगल पर 1337.76 करोड़ का जुर्माना लगाया गया था। यह जुर्माना एंड्रॉयड मोबाइल इक्विपमेंट मार्केट में मजबूत स्थिति के बेजा इस्तेमाल पर लगाया गया था।
मल्लिकार्जुन खड़गे आज संभालेंगे अपना पदभार
कांग्रेस के चुने गए नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज अपना पदभार संभालेंगे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, भूपेश बघेल और पार्टी के अन्य सभी वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में वह अपने अध्यक्ष पद की शपथ लेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे ने शशि थरूर को 6, 825 वोटों से हराया था। खड़गे को 7,897 वोट मिले थे। वहीं, शशि थरूर को 1,072 वोट मिले थे। मल्लिकार्जुन खड़गे के रूप में कांग्रेस पार्टी को 24 साल बाद गांधी परिवार से बाहर का अध्यक्ष मिला है।

यूक्रेन में रहने वाले भारतीय नागरिकों को यूक्रेन छोड़ने की सलाह, दूतावास द्वारा जारी की गई एडवाइजरी
यूक्रेन में भारतीय दूतावास द्वारा भारतीय नागरिकों को यूक्रेन छोड़ने की एक बार फिर सलाह दी गई है। भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों को युद्धग्रस्त यूक्रेन को छोड़ने के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। जिसमे यूक्रेन में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वह उपलब्ध साधनों से जल्द से जल्द यूक्रेन छोड़ दें। यह एडवाइजरी ऐसे समय में जारी की गई है जब रूस ने यूक्रेन पर अपने हमले बढ़ा दिया हैं।
सांड के गले में फंसी साइकिल
थाना डौकी क्षेत्र के टंकी चौराहे पर हर मंगलवार के दिन सब्जी मंडी की हॉट लगती है। एक ग्रामीण अपनी साइकिल खड़ी कर के सब्जी खरीदने सब्जी मंंडी में चला गया, तभी वहां आवारा सांंड घूमते हुए आया और साइकिल में अपनी गर्दन में डाल ली। जिसके बाद साइकिल उसकी गर्दन में फंस गई। साइकिल फंसने केे कारण साड़ इधर-उधर भागने लगा। सब्जी मंडी एवं अन्य बाजारो में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने तकरीबन एक घंटे की कोशिशों के बाद साइकिल को साड़ की गर्दन से निकाला। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनता दरबार में सुनी लोगों की समस्याएं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बुधवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर स्थित हिंदू सेवाश्रम में अपनी फरियाद ले कर आए फरियादियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान सैकड़ों फरियादी आए हुए थे। सीएम ने सभी लोगों की समस्याएं सुनी एंव उनके जल्द से जल्द निस्तारण के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए हुए हैं।

जनता दरबार में मुस्लिम महिलाएं भी फरियाद लेकर पहुंची थी। सीएम ने उनकी भी फरियाद सुनी। ज्यादार मामले जमीनी विवाद को लेकर थे। स्थानीय स्तर पर समस्याओं के निस्तारण के लिए सीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया। थाने व तहसील पर ही अधिकांश मामलों का निस्तारण किया जाएगा। फरियादियों की समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण किया जाएगा।
पूरे आठ साल बाद रही सबसे साफ दीपावली
प्रतिबंध होने के बावजूद दिल्ली-एनसीआर में इस बार भी आतिशबाजी हुई साथ ही, पंजाब-हरियाणा में पराली भी जलाई गई। इनके बावजूद इस बार पिछले 8 सालों में सबसे साफ दिवाली रही। आबोहवा में प्रदूषण को नापने वाला इंडेक्स AQI दिल्ली में दिवाली के अगले दिन साल 2015 के बाद से सबसे कम रहा। यह मंगलवार को 303 दर्ज किया गया है। वहीं, एनसीआर के शहरों में यह 266 से 299 के बीच रहा।
वॉट्सऐप दो घंटे तक बंद रहा, कंपनी ने नहीं बताई कोई वजह
सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म वॉट्सऐप की सेवाएं मंगलवार दोपहर करीब दो घंटे के लिए अचानक बंद हो गई। ये भारत ही नहीं, एशिया, अफ्रीका और यूरोप के कई देशों में बंद रहा जिससे, काफी लोग परेशान रहे। तकनीकी समस्याओं पर नजर रखने वाली एजेंसी Downdetector ने बताया कि दोपहर करीब 12:47 बजे से 2:28 बजे तक लोगों को टेक्स्ट और विडियो मेसेज भेजने और पाने में दिक्कत का सामना करना पड़ा।
ट्विटर पर #whatsappdown ट्रेंड होने लगा। सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई। दिक्कत एंड्रॉयड, iOS और वेब- तीनों ही वर्जन के यूज़र्स को हो रही थी। फिर वॉट्सऐप के ऑनर कंपनी ‘मेटा’ ने कहा, हम जल्द सेवाएं बहाली के लिए काम कर रहे हैं। इसे वॉट्सऐप पर सबसे बड़ी टेक्निकल फाॅल्ट बताया जा रहा है।
कुछ काम की ख़बरें
1. ओडिशा जेल भर्ती बोर्ड द्वारा कुल पांच जेल सर्कलों के लिए जेल वार्डन के कुल 403 पदों पर भर्ती निकाली है। इसमें चौद्वार, बरहामपुर, संबलपुर, बारीपदा और कोरापुट सर्कल शामिल हैं। यदि कोई उम्मीदवार इस पद के लिए इच्छुक है तो संबंधित सर्कल के लिए opbrecruitment.in पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 13 नवंबर 2022 है।
2. IIM बैंगलोर की तरफ से CAT एडमिट कार्ड 27 अक्टूबर को ऑनलाइन जारी कर दिया जाएगा। CAT (कॉमन एडमिशन टेस्ट) 2022 की परीक्षा 27 नवंबर को तीन स्लॉट में आयोजित को जाएगी। उम्मीदवार अपना एडमिट कार्ड CAT की ऑफिशियल वेबसाइट iimcat.ac.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं।
मौसम से जुड़ी ख़बर
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहने के आसार है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 31 अक्टूबर तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहेगा, हालांकि इस दौरान तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम ठंडा बना रहेगा। गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं साइक्लोन सितरंग के कारण, मौसम विभाग ने असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा में रेड अलर्ट जारी कर दिया है।