World Book Fair: 25 फरवरी से शुरू हो रहा है विश्व पुस्तक मेला, 5 मार्च तक चलेगा ये मेला; इस बार का दो गुना बड़ा होगा विश्व पुस्तक मेला।
सार
- नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला इस साल अपने पुराने अंदाज में होगा शुरू।
- पहले की तुलना में दो गुना अधिक बड़ा होगा ये मेला।
- कोरोना के कारण पिछले तीन साल तक ऑनलाइन आयोजित हो रहा था ये मेला।
- इस बार पुस्तक मेला प्रगति मैदान के नए बने हॉल में एक ही छत के नीचे होगा आयोजित।
- जी-20 देशों के अलावा 30 से ज्यादा देश होंगे शामिल।
- 1000 से ज्यादा प्रकाशक और पुस्तक विक्रेता होंगे शामिल।
https://siwanexpress.com/tajakistan-earthquake-terrible-earthquake-tajakistan-china-border/
विस्तार
नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 25 फरवरी से शुरू होने जा रहा है जिसमे, 2000 से ज्यादा स्टाल लगाए जायेंगे। जिसमें देश की 11 भाषाओं के 250 से अधिक स्टाल भी होंगे। इसके अलावा 500 कार्यक्रम और 50 सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (NBT) की तरफ से गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इस बात की जानकारी दी गई कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, फ्रांसीसी राजदूत इमैनुएल लेनिन, राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद शर्मा, निदेशक युवराज मलिक और आईटीपीओ के अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक प्रदीप सिंह खरौला समेत अन्य गणमान्य लोग 25 फरवरी को दोपहर 2.30 बजे इस विश्व पुस्तक मेले का उद्घाटन करेंगे।
नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेले में फ्रांस होगा मेहमान देश
कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (NBT) के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद शर्मा ने कहा कि इस वर्ष मेले की थीम आजादी का अमृत महोत्सव रखी जायेगी। वहीं, इस मेले में फ्रांस मेहमान देश के रूप में शामिल होगा। फ्रांस से नोबेल पुरस्कार विजेता एनी एर्नाक्स समेत 16 फ्रांसीसी लेखक और 60 से अधिक पब्लिशर्स और सांस्कृतिक प्रतिनिधि इसमें हिस्सा लेंगे। आगे उन्होंने बताया कि तकरीबन पांच वर्ष पूर्व ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति के बीच हुए एक समझौते में यह तय हुआ था कि पेरिस विश्व पुस्तक मेले में भारत मेहमान देश होगा और वहीं, नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेले में फ्रांस मेहमान देश के रूप में शामिल होगा।
थीम पवेलियन G-20 और अमृतकाल के रंग में रंगा रहेगा
NBT के डायरेक्टर युवराज मलिक ने जानकारी देते हुए कहा कि आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में पुस्तक मेले में कई साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन होगा। इस बार नए हॉल, नए स्थान और नई सुविधाओं के साथ मेला पिछली बार से दो गुना बड़ा होगा। वहीं, थीम पवेलियन में जी-20 की भव्यता भी देखने को मिलेगी। शहीद भगत सिंह के पत्रों के मूल प्रारूप समेत ऐसे कई महत्वपूर्ण लेख प्रदर्शित किए जाएंगे।

फ्रांस के लोगों की बढ़ती भारतीय साहित्य में रुचि
फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लेनिन ने बात करते हुए कहा कि भारत साहित्य का एक बड़ा देश है और फ्रांस के लोग भारतीय साहित्य में अपनी रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फ्रांस की ओर से उन्हें मेहमान देश बनने पर बेहद खुशी है। साथ ही, उन्होंने आगे बताया कि फ्रांस में 10,000 से अधिक पब्लिशर्स और 25,000 से अधिक बुक स्टोर हैं। कुल 16 पुरस्कार प्राप्त करने के साथ ही फ्रांस साहित्य के क्षेत्र में दुनिया का सबसे अधिक नोबेल पुरस्कार प्राप्त करने वाला देश है।
इस मेले में नारीवादी लेखक, चिल्ड्रेन बुक्स, नोबल पुरस्कार विजेता लेखकों की किताबें फ्रांस पवेलियन में देखने मिलेंगी। वहीं, फ्रेंच की किताबें विभिन्न विदेशी भाषाओं में अनुवादित मिलेंगी। इसके अलावा, 2021 में फ्रांस द्वारा फ्रेंच भाषा की 70,000 किताबों का विदेशी भाषाओं में अनुवाद किया गया, जिसमें से भी अनेकों किताबें यहां पर होंगी।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के लिए होगा अलग पवेलियन
- मेले में राष्ट्रीय शिक्षा नीति का होगा अलग पवेलियन।
- नई शिक्षा नीति से जुड़ी मिलेगी हर प्रकार की जानकारी।
- इसके अलावा, एंफीथियेटर में किताबों और संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे।
- वहीं, युवा लेखकों के लिए ओरियंटेशन कैंप लगेगा। जहां, पहली बार लेखकों की पुस्तकों का अनावरण होगा।
- बच्चों की गतिविधियां, लेखक मंच, न्यू डेली राइट टेबल पर ग्लोबल स्केल वाली 30 देशों की 200 से अधिक पुस्तकों का होगा अनावरण ।
- CEO स्पीक में जी-20 देशों के साथ अन्य देशों के पब्लिशिंग CEO भी बातचीत करेंगे।
- NBT के 50वीं सालगिरह के मौके पर मेले में इंडिया पोस्ट एनबीटी स्टैंप जारी करेगा।।
मेले के बारे में आवश्यक जानकारी
- गेट नंबर 4 से 50 कदम की दूरी पर होगा पवेलियन।
- प्रगति मैदान मेट्रो स्टेशन की ओर से गेट नंबर 10 से फ्री बैटरी शटल
- एक गेट पर 4-5 पैनल होंगे।
- एक ही छत के नीचे होगा मेला आयोजित।
- लोगों की मदद के लिए मेडिकल एड, वॉलंटियर, सुरक्षा गार्ड, एनबीटी की टी-शर्ट में लोग, हॉल ऑफिसर, फैसिलिटेटिंग ऑफिसर होंगे।
- वहीं, बच्चों के लिए 10 रुपये, बड़ों के लिए 20 रुपये का टिकट
- इसके अलावा, स्कूली ड्रेस में आए बच्चे, बुजुर्गों और दिव्यांगों की फ्री एंट्री होगी।
- मेले के लिए टिकट प्रगति मैदान के एंट्री गेट और ऑनलाइन www.itpoonline.gov.in मिलेगा।
- मेले का समय- सुबह 11 बजे से लेकर रात 8 बजे तक।
- पार्किंग के लिए भैरव सिंह मार्ग।